सोसायटी में फायर सेफ्टी का नहीं है कोई इंतज़ाम

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा की श्री कृष्णा अपार्टमेंट सोसायटी में आग से बचाव के इंतजाम नहीं हैं। पांच साल पुरानी इस सोसायटी में सीवर लाइन लीक हो रही है और दीवारों से प्लास्टर गिर रहा है। निवासियों ने फ्लैट किस्तों पर लिए थे। गर्मी बढ़ने से आग की घटनाएं बढ़ रही हैं। सोसायटी में आग लगने पर उसे बुझाना मुश्किल होगा।

सोसायटी में फायर सेफ्टी का नहीं है कोई इंतज़ाम

n NBT न्यूज, नोएडा

गर्मी बढ़ने के साथ-साथ प्रदेश भर में आग की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। नोएडा की कई सोसायटियों और रेस्तरां में लगी आग की घटना के बाद लोगों में भी डर बना हुआ है। उसके बाद भी नोएडा प्राधिकरण और फायर डिपार्टमेंट की नींद नहीं टूट रही है। सेक्टर-117 में प्राधिकरण की तरफ से बनाए गए श्री कृष्णा अपार्टमेंट में रविवार को संवाद का आयोजन किया गया। यहां प्राधिकरण के खिलाफ निवासियों का दर्द और गुस्सा फूट पड़ा। हैरानी की बात यह है कि पांच साल पहले नोएडा प्राधिकरण की तरफ से बनाई इस सोसायटी में फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं है। सीवर पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज है। साथ ही दीवार से प्लास्टर गिरने लगा और छतों में दरार आ गई है।

निवासियों ने बताया कि श्री कृष्णा अपार्टमेंट में 14 मंजिला फ्लैट बनाए गए थे। यहां वन बीएचके फ्लैट की कीमत 20 लाख रुपये थी। यहां अच्छी सुविधा देने का दावा किया गया था। प्राधिकरण के दावे को देखते हुए कई लोगों ने किस्तों पर फ्लैट ले लिए। अभी तक किस्त खत्म नहीं हुई है। उससे पहले ही सोसायटी की स्थिति खराब होने लगी। प्रदेश भर में बढ़ती आग की घटनाओं को देखते हुए सभी निवासियों ने आग बुझाने के दो सिलिंडर मंगवाए हैं। सोसायटी में अगर आग की घटना होती है तो बुझाना मुश्किल हो जाएगा।

सीवरलाइन में लीकेज से बढ़ी चिंता: श्री कृष्णा अपार्टमेंट में निर्माण की खराब गुणवत्ता को लेकर निवासियों की चिंता बढ़ गई है। इनका कहना है कि महज पांच साल में ही सोसायटी की सीवर पाइपलाइन जगह-जगह से लीकेज होने लगी है, जिससे दुर्गंध और गंदगी की समस्या पैदा हो रही है। कई टावरों और कॉमन एरिया में प्लास्टर भी झड़ने लगा है। लोगों का कहना है कि प्लास्टर गिरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस संबंध में कई बार प्राधिकरण और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।