n NBT रिपोर्ट, नोएडा
फेज तीन थाना पुलिस ने लॉटरी जीतने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गैंग का खुलासा किया है। मामले में 10 लोगों को गिरफ्तारी हुई है। आरोपी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर पोस्टर और विडियो के माध्यम से विज्ञापन चलाते थे। मात्र 50 रुपये का टिकट खरीदने पर पीड़ितों को 12 लाख रुपये की लॉटरी जितने की बात कही जाती थी। इसके बाद टैक्स व क्लियरेंस के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लेते थे। आरोपियों के मोबाइल नंबर और बैंक खातों के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 18 शिकायते दर्ज हैं। जांच के बाद फेज तीन थाने की पुलिस ने इन आरोपियों को सेक्टर 121 के पास से पकड़ा है। इनके पास से 20 मोबाइल फोन, चार डेबिट कार्ड और 10 हजार 200 कैश मिले हैं। पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इनकी पहचान एलन एंटनी (27), अंकित कुमार (18), राहुल (18) , शकील (29), राजशेखर (29), गुरु प्रसाद (22), विनय डीपी (28), विनोद कुमार (33), संतोष (24), चेतन (21) के रूप में हुई है। मुख्य सरगना एलन एंटनी है।






