n NBT न्यूज, फरीदाबाद
सेक्टर-30 शॉपिंग सेंटर में सीवर का पानी भरा हुआ है। यहां पिछले कुछ हफ्तों से गंदा पानी भरा हुआ है, जिसमें मच्छर पनप रहे है और बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि इसकी शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं मिल रहा है। यहां बाईपास रोड बनने के बाद से सीवर लाइन आए दिन जाम हो जाती है, जिससे सीवर ओवरफ्लो होकर गंदा पानी मार्केट में भर जाता है। इसके साथ ही बरसात का पानी भी मार्केट में भर जाता है, जिसकी निकासी के भी कोई इंतजाम नहीं किए गए है। लोग प्रशासन से समाधान की गुहार लगा रहे है।
मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया
सेक्टर का सारा गंदा पानी मार्केट में भर रहा है। आरडब्ल्यूए प्रधान राजेश तोमर और जनरल सेक्रेटरी दीपक गुप्ता ने बताया कि यहां पिछले चार-पांच साल से यह समस्या बनी हुई है। बारिश के दिनों में समस्या ओर बढ़ जाती है। सीवर का गंदा पानी मार्केट की सड़कों पर भरा हुआ है।
पानी में काई भी जम गई है। इस गंदगी में कीट पनप रहे है। पानी भरने से ग्राहक दुकान में नहीं आ रहे है। इससे निवासियों के साथ-साथ दुकानदारों को भी परेशानी हो रही है। दुकान बंद होने और दुकानों पर ग्राहकों के न आने से दुकानदारों को अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी में मच्छर पनप रहे है। इससे इलाके में जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी सामने आ रही है।






