n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा: बिसरख कोतवाली क्षेत्र की रक्षा अडेला सोसायटी में बुधवार को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बाहरी अज्ञात व्यक्ति ने परिसर में घुसकर एच-टावर में रहने वाली एक नाबालिग बच्ची से रास्ता पूछने के बहाने छेड़छाड़ की। वारदात को अंजाम देकर आरोपी आसानी से सोसायटी से फरार हो गया। इस गंभीर घटना से गुस्साए निवासियों ने बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिसर में जमकर हंगामा किया।
निवासियों का आरोप है कि सोसायटी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। बिना किसी रोक-टोक और एंट्री रिकॉर्ड के बाहरी लोग अंदर घूम रहे हैं। लोगों ने एओए के कुछ पदाधिकारियों और स्टाफ पर मामले को दबाने और पुलिस को तुरंत सूचना न देने का भी गंभीर आरोप लगाया है। निवासियों ने सीसीटीवी फुटेज और प्रवेश रिकॉर्ड की समीक्षा को सार्वजनिक करने की मांग की है। एओए अध्यक्ष एमसी शर्मा ने बताया कि उनकी तरफ से पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है।






