Lucknow Speeding Car Collides With Dcm Five Injured Two In Critical Condition
खड़े डीसीएम में घुसी कार, पांच घायल, दो की हालत गंभीर
नवभारत टाइम्स•
काकोरी में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लखनऊ के काकोरी इलाके में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार एक कार सड़क किनारे खड़े डीसीएम से जा टकराई, जिसमें कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी सतीश राठौर ने बताया कि यह दुर्घटना किसान पथ पर उदित खेड़ा के पास हुई। एक तेज रफ्तार एंडेवर कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी डीसीएम से पीछे से भिड़ गई। इस टक्कर में कार में सवार सभी पांचों लोग बुरी तरह घायल हो गए।हादसे के बाद कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। एक व्यक्ति जो ड्राइवर की बगल वाली सीट पर फंसा था, उसे निकालने के लिए पुलिस को गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।
घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी लोग बंथरा के भट्टगांव के रहने वाले थे और आगरा से लौट रहे थे। पुलिस ने जिशान और उजेफा नाम के दो घायलों की पहचान की है और बाकी घायलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।