Online Dating App Blackmailing 5 Arrested Robbery By Trapping Minors
ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए करते थे ब्लैकमेल, 5 गिरफ्तार
नवभारत टाइम्स•
ऑनलाइन डेटिंग ऐप ग्राइंडर के जरिए लोगों को फंसाकर लूटपाट और ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। बीकेटी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग हैं। अलीगंज पुलिस ने भी इसी तरह की वारदात में दो भाइयों को पकड़ा है।
लखनऊ: ऑनलाइन डेटिंग ऐप ‘ग्राइंडर’ का इस्तेमाल कर लोगों को ठगने और ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का बीकेटी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है, जिनमें दो नाबालिग हैं। उनके पास से करीब 10 हजार रुपये, एक बैग और कुछ अन्य सामान भी मिला है। वहीं, अलीगंज पुलिस ने भी इसी तरह की एक वारदात में दो भाइयों को गिरफ्तार किया है।
एडीसीपी उत्तरी ऋषभ रूणवाल ने बताया कि 20 मार्च को एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि ऐप पर दोस्ती के बाद उसे एक होटल में बुलाया गया। वहां आरोपितों ने उसके कपड़े उतरवाए, उससे 10 हजार रुपये लूट लिए और फिर उसके एटीएम से 25 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने जीसीआरजी अंडरपास के पास से राजन कश्यप नाम के एक आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। ये लोग लोगों को ऐप पर फंसाकर उनका अश्लील वीडियो बनाते थे। फिर उन्हें नाबालिग मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठते थे।इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार ने बताया कि अलीगंज पुलिस ने वंश और ऋषभ रस्तोगी नाम के दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। इन दोनों के खिलाफ पहले से ही कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। यह गिरोह ‘ग्राइंडर’ जैसे ऐप का इस्तेमाल करके लोगों को अपनी जाल में फंसाता था। दोस्ती का झांसा देकर उन्हें किसी सुनसान जगह या होटल में बुलाता था। वहां पहुंचने पर वे पीड़ित के कपड़े उतरवाकर उसका वीडियो बनाते थे। इसके बाद, नाबालिग से छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पीड़ित से मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस इन गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है ताकि ऐसे अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।