प्रेमी के साथ मिलकर की सास की हत्या, गिरफ्तार

नवभारत टाइम्स

लखनऊ में बहू रंजना ने अपने प्रेमी राजन शर्मा के साथ मिलकर अपनी सास निर्मला देवी की हत्या कर दी। अवैध संबंधों का विरोध करने पर रंजना ने यह खौफनाक कदम उठाया। दोनों ने मिलकर लूटपाट का रूप देने के लिए घर से जेवर और नकदी भी गायब कर दी थी।

प्रेमी के साथ मिलकर की सास की हत्या, गिरफ्तार
लखनऊ के निशातगंज इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी सास की हत्या कर दी। यह खौफनाक कृत्य अवैध संबंधों का विरोध करने पर अंजाम दिया गया। प्रेमी उसी घर में किराएदार के तौर पर रहता था। पुलिस ने बहू रंजना और उसके प्रेमी राजन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने मिलकर हत्या को लूटपाट का रूप देने के लिए घर से जेवर और नकदी भी गायब कर दी थी।

डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि निशातगंज की गली नंबर-3 में रहने वाली निर्मला देवी (69) अपने बेटे, बहू और पोते-पोतियों के साथ घर के ग्राउंड फ्लोर पर रहती थीं। उनके पति का दो साल पहले निधन हो चुका था। घर के पहले माले पर कई किराएदार रहते थे, जिनमें राजन शर्मा भी शामिल था। घटना वाले दिन निर्मला का बेटा और पोता काम पर गए हुए थे, और घर में केवल निर्मला और बहू रंजना ही मौजूद थीं। शाम करीब चार बजे जब पोता घर लौटा, तो उसने देखा कि उसकी दादी के हाथ-पैर बंधे हुए हैं और वह बेहोश पड़ी हैं। शोर मचाने पर आसपास के लोग और किराएदार मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी वहां पहुंच गई। घर का सामान बिखरा हुआ था, जिससे पहली नजर में यह मामला लूटपाट के दौरान हत्या का लग रहा था।
तीन दिन पहले रची गई थी हत्या की योजना

मूल रूप से बिहार के सिवान का रहने वाला राजन शर्मा पिछले तीन सालों से निर्मला के घर में किराए पर रह रहा था। उसकी और रंजना की बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों के बीच अवैध संबंध स्थापित हो गए थे। निर्मला ने कई बार दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। इसी वजह से रंजना का अक्सर अपने पति से विवाद होता था। निर्मला हमेशा अपने बेटे का पक्ष लेती थीं और रंजना को डांटती थीं। बहू को यह बात बहुत बुरी लगती थी। अपने अवैध संबंधों में बाधा बनने और सास की डांट से नाराज होकर रंजना ने तीन दिन पहले अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास निर्मला की हत्या की साजिश रची थी।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

पुलिस ने जब जांच शुरू की तो घर के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। लेकिन दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच की फुटेज गायब थी। इससे पुलिस का शक गहरा गया। आसपास लगे कैमरों में उस समय कोई भी बाहरी व्यक्ति घर में आता-जाता नहीं दिखा। वहीं, किराएदार राजन और बहू रंजना की हरकतें संदिग्ध लगीं। इसके बाद पुलिस को यकीन हो गया कि इस वारदात में घर के ही लोग शामिल हैं।

डॉग स्क्वॉड ने पुख्ता किया शक

जांच में डॉग स्क्वॉड और फरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। डॉग स्क्वॉड बार-बार राजन और रंजना के पास जाकर रुक रहा था। पूछताछ में दोनों के बयान भी एक-दूसरे से मेल नहीं खा रहे थे और विरोधाभासी थे। पुलिस की सख्ती के आगे दोनों टूट गए और उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली।

साड़ी से गला घोंटकर की हत्या

आरोपितों ने पहले निर्मला के हाथ-पैर बांध दिए और फिर साड़ी से उनका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने घर के जेवर और नकदी चुरा ली और उन्हें एक परिचित के घर पर छिपा दिया। उन्होंने घर का सामान भी बिखेर दिया ताकि यह घटना लूटपाट जैसी लगे।

कैमरे बंद कर दिए थे

राजन ने घर के सीसीटीवी कैमरे का कंट्रोल अपने मोबाइल पर ले रखा था। वारदात के दौरान उसने कैमरे बंद कर दिए थे और बाद में उन्हें फिर से चालू कर दिया था। घटना के बाद दोनों फरार होने की फिराक में थे, लेकिन शक से बचने के लिए वे वापस उसी घर में लौट आए थे।