n NBT न्यूज, मुरादनगर : थाना क्षेत्र के सरना कॉलोनी की एक महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज में कार और तीन लाख रुपये न मिलने पर जलाकर मारने के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आजाद मार्केट क्षेत्र निवासी नजमा ने बताया कि मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र के रहने वाले नईम से निकाह हुआ था। ससुराल पक्ष के लोग तीन लाख रुपये और कार की मांग कर रहे हैं। आरोप है कुछ दिन पहले पति और अन्य परिजनों ने मारपीट की और पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया। किसी प्रकार भागकर खुद को बचाया। पुलिस ने पति नईम, सास गुलशन, ससुर शराफत व दो अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।


