n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : भाजपा के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के लिए रविवार को दोहरी खुशी का मौका था। उनकी 10 मई को ही शादी की सालगिरह थी। इसी दिन उन्होंने तीसरी बार मंत्री पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण से पहले चौधरी ने अपनी पत्नी के साथ हनुमान मंदिर जाकर पूजा अर्चना की। वहां से लौटकर सबको मिठाई बांटकर मुंह मीठा करवाया। उसके बाद राजभवन पहुंचकर मंत्री पद की शपथ ली। वहीं, लगातार तीन बार से जिलाध्यक्ष हंसराज शर्मा के घर और पार्टी दफ्तर में जश्न का माहौल रहा। उनके समर्थकों ने ढोल नगाड़ों के साथ जश्न मनाया।
आशा मौर्य का दर्द छलका
जिनको मंत्री बनाया गया, उनके यहां खुशी का माहौल था। वहीं, जिनका उम्मीद थी लेकिन मंत्री नहीं बन सके, उनकी निराशा भी छलकी। सीतापुर की महमूदाबाद सीट से विधायक आशा मौर्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने लिखा कि कई लोगों ने मुझे फोन कॉल और सोशल मीडिया के जरिए शुभकामनाएं दीं। उनका धन्यवाद। वहीं, समर्पित कार्यकर्ता होने के नाते कहीं न कहीं मन में थोड़ी पीड़ा अवश्य हुई। वर्षों से मेहनत, संघर्ष और निष्ठा हर कार्यकर्ता के लिए भावनात्मक रूप से जुड़ी होती है, लेकिन यह पीड़ा मेरे संकल्प को कमजोर नहीं करेगी। समाज और संगठन के प्रति मेरी जिम्मेदारियों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।


