n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
शहर की सड़कों से जाम की समस्या खत्म करने वाली योजना के तहत ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एनबीटी की टीम ने योजना के तहत चिह्नित 8 रूट की पड़ताल कर जाम लगने और हादसे होने के प्रमुख कारणों को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेकर रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने राजनगर एक्सटेंशन में रोटरी गोल चक्कर से सिटी फॉरेस्ट तक 15 अवैध कटों को बंद कराया। 16 अप्रैल को एनबीटी की टीम ने रोटरी से एएलटी पुल तक पड़ताल की थी। इस 7 किलोमीटर के रूट पर अवैध कटों और क्षतिग्रस्त यू-टर्न से राहगीरों को हो रही परेशानी को उजागर किया था। डीसीपी यातायात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव के चलते लोगों ने अपनी सुविधा के लिए डिवाइडर तोड़कर रास्ते बना लिए थे, जो दुर्घटना का बड़ा कारण बन रहे थे। रविवार को अभियान चलाकर उन स्थानों को चिह्नित कर बंद कराया गया और मजबूत आरसीसी बैरियर लगाए गए, ताकि उन्हें दोबारा खोला न जा सके।


