n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : मधुबन बापूधाम क्षेत्र के दुहाई निवासी एक व्यक्ति को कुछ लोग घर से बहाने से बुलाकर ले गए और बेरहमी से पिटाई कर दी। मामले में घायल के भाई राकेश जाटव की शिकायत पर 10 मई को तोला, टेंगू और चिनू त्यागी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शिकायत में राकेश जाटव ने बताया कि 25 अप्रैल की शाम को तोला, टेंगू और चिनू उनके भाई विनोद कुमार को घर से बुलाकर ले गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर भाई को बुरी तरह पीटा और आंबेडकर भवन की छत पर लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गए। उन्हें इसकी जानकारी मिली तो पहले भाई को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद सरकारी अस्पताल ले गए। वहां से दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना कि मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


