n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : राजधानी के कई इलाकों में रविवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरों वाले बड़े पोस्टर लगाए गए, जिन पर ‘कटियाबाज’ लिखा था। इन पोस्टरों पर नया विवाद शुरू हो गया।
बंगला बाजार और पुरानी जेल रोड समेत कई स्थानों पर लगे इन पोस्टरों पर ‘रमजान में बिजली फुल, दिवाली पर बिजली गुल’ जैसे नारे लिखे थे। पोस्टरों में सपा नेता आजम खान और संभल से पार्टी सांसद जियाउर्रहमान बर्क का भी उल्लेख किया गया था। उनके नाम के साथ ‘बिजली चोर’ लिखा गया और पुराने विवादों का हवाला दिया गया। कई पोस्टर अखबार की सुर्खियों की शैली में डिजाइन किए गए थे, जिससे सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया। यह पोस्टर किसने लगवाए, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सपा के मीडिया प्रकोष्ठ ने 'एक्स' पर पोस्ट कर सरकार पर इस पोस्टर अभियान के पीछे होने का आरोप लगाया।
वहीं, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भी बयान जारी कर सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन के दौरान नेताओं, गुंडों और माफियाओं को ‘कटिया डालकर बिजली चलाने’ की खुली छूट दी गई थी।


