n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : फिल्म कृष्णावतारम् यूपी में टैक्स फ्री होगी। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में हुई फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान की। रविवार को मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद राज्यपाल आनंदीबेन, सीएम योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने एक साथ यह फिल्म देखी। कृष्णावतारम् की मुख्य कलाकार और फिल्म में सत्यभामा का रोल निभाने वाली संस्कृति राज्यपाल की नातिन हैं। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी नानी के लिए इससे अद्भुत क्षण है।
फिल्म में द्वापर युग और सनातन संस्कृति की झलक
फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को मानवीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में द्वापर युग, भारतीय पुरातन संस्कृति और सनातन परंपरा के विभिन्न आयामों को भव्यता के साथ दर्शाया गया है। फिल्म की सबसे खास बात यह रही कि इसमें भगवान कृष्ण के साथ राधा, रुक्मिणी और सत्यभामा की प्रेम कथाओं को अलग-अलग स्वरूपों में प्रस्तुत किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह अद्भुत संयोग है कि मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद शपथ ग्रहण करने वाले सभी मंत्री पूरे मंत्रिमंडल के साथ इस अद्भुत कार्यक्रम में सहभागी बने। कार्यक्रम के दौरान फिल्म की मुख्य अभिनेत्री संस्कृति ने सीएम योगी से आशीर्वाद लिया।
हमें ऐसी फिल्में बनानी चाहिए : राज्यपाल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि हमें अपनी संस्कृति और परंपरा को लेकर ऐसी फिल्में बनानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने नए मंत्रियों को शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदी, तमिल और तेलुगु में की गई रिलीज
यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज की गई है। फिल्म के निर्देशक हार्दिक गज्जर हैं। फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति, सुष्मिता भट्ट और निवासिनी कृष्णन मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं, जैकी श्रॉफ और आशुतोष राणा समेत कई बड़े कलाकार अपने किरदारों के जरिये छाप छोड़ने में सफल रहे।


