n NBT रिपोर्ट, नोएडा
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे की सर्विस लेन का रास्ता साफ होगा। इसके लिए विवादों में फंसी जमीन को इमरजेंसी क्लॉज के जरिए लिया जाएगा। उसके बाद अधूरी सर्विस लेन को बनाकर कनेक्ट किया जाएगा।
नोएडा एयरपोर्ट चालू होने के बाद नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों का प्रेशर काफी अधिक बढ़ जाएगा। ऐसे में नोएडा अथॉरिटी विभिन्न विकल्पों पर काम कर रही है। नोएडा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन को इस तरह तैयार किया जाएगा कि नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा तक इनके जरिए आया और जाया जा सकेगा। नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि कई जगहों पर जमीन न मिलने के कारण एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पूरी तरह नहीं बन पाई हैं। लिहाजा पूरी सर्विस लेन आपस में कनेक्ट नहीं है। इस समस्य का हल निकालने के लिए इमरजेंसी क्लॉज लगाकर जमीन को लेने का फैसला लिया गया है। जमीन लेने के बाद अधूरी सड़कों को पूरा किया जाएगा। उसके बाद नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ सर्विस लेन पूरी तरह तैयार हो जाएगी।


