n NBT रिपोर्ट, नोएडा
शहर के सेक्टर-21ए स्थित स्टेडियम के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने दो कारों में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला घायल हो गई, जबकि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-24 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के क्लीनर को हिरासत में ले लिया। वहीं, ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, तेज गति से आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही दो गाड़ियों को टक्कर मार दी। घायल महिला को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक व ट्रक मालिक की तलाश में जुटी है। उधर, सेक्टर-78 में भी एक सड़क हादसा सामने आया। सामने चल रहे वाहन को बचाने के प्रयास में एक कार बीच सड़क पर पलट गई। स्थानीय लोगों ने मिलकर कार को सीधा किया। घटना की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।


