n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : यूपी पुलिस के यक्ष ऐप पर अब किसी भी आपात स्थिति में पुलिसकर्मियों को सायरन के साथ SOS संदेश मिलेगा। हत्या, लूट जैसी बड़ी वारदात के दौरान जैसे ही SOS मेसेज भेजा जाएगा, वह पुलिस सायरन के साथ सीधे बीट स्तर तक पहुंचेगा। जब तक संबंधित पुलिसकर्मी संदेश को देख नहीं लेता, तब तक सायरन बजता रहेगा। हालांकि, यदि उस समय यक्ष ऐप पर कोई अन्य कार्य पहले से खुला हुआ है, तो सायरन नहीं बजेगा। ऐसे में वॉट्सऐप की तरह View Alert में नया संदेश दिखाई देगा, ताकि सूचना किसी भी स्थिति में छूटे नहीं।
डीजीपी राजीव कृष्णा ने यक्ष ऐप की Broadcast और SOS सुविधा के प्रभावी इस्तेमाल को लेकर निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अब तक कई बार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश समय पर बीट स्तर तक नहीं पहुंच पाते थे। इसी कमी को दूर करने के लिए यक्ष ऐप में ये सुविधाएं शुरू की गई हैं, जिससे जरूरी निर्देश और सूचनाएं रियल टाइम में फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों तक पहुंच सकें।
Broadcast सुविधा के जरिए सीओ स्तर तक के अधिकारी अपने अधीनस्थों को सामान्य सूचना, निर्देश या अभियान से जुड़े संदेश भेज सकेंगे। वहीं, SOS सुविधा केवल आपात परिस्थितियों के लिए है, जिसके माध्यम से जिला प्रभारी स्तर तक के अधिकारी अत्यंत महत्वपूर्ण संदेश या अभियान के आदेश सीधे भेज सकेंगे।
ये होगा फायदा : सर्कुलर में बताया गया है कि पहले वायरलेस व्यवस्था के तहत संदेश केवल उन्हीं तक सीमित रहता था, जिनके पास आरटी सेट होता था, लेकिन अब यक्ष ऐप के जरिए सीधे बीट सिपाही तक सूचना पहुंचेगी। इससे पुलिस का रेस्पॉन्स टाइम कम होगा, आपसी समन्वय बेहतर होगा और कानून-व्यवस्था व अपराध नियंत्रण को और मजबूत किया जा सकेगा।


