n NBT न्यूज, मोदीनगर
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर रविवार को जाम के कारण मुसाफिरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहनों के बढ़ते दबाव और ट्रेनों के आवागमन के चलते हापुड़ रोड रेलवे फाटक बंद होने से स्थिति भीषण हो गई। पुलिस भी यातायात सामान्य कराने में नाकाम रही। सुबह से दोपहर जाम झेलना पड़ा। वीकेंड होने के कारण रविवार को सुबह से ही दिल्ली-मेरठ मार्ग पर वाहनों की अधिकता थी। दोपहर में ट्रेनों के आवागमन के कारण हापुड़ और तिबड़ा रोड पर रेलवे फाटक बंद हुए तो वाहनों की कतार दिल्ली-मेरठ मार्ग पर पहुंच गई और जाम लगने लगा। दोपहिया निकलने की भी जगह नहीं रही। इसी बीच ई-रिक्शा व आटो चालकों ने सड़क पर वाहन खड़े कर दिए, जिससे व्यवस्था बिगड़ती चली गई। मिनटभर की दूरी को तय करने में लोगों को घंटाभर लग गया। चिलचिलाती धूप में दोपहिया वाहन सवार काफी देर तक एक ही जगह खड़े रहे। यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस के स्तर पर की गई तैयारी नाकाफी साबित हुई। जाम में फंसे वाहन चालकों में सिस्टम के प्रति नाराजगी दिखी। कुछ लोगों ने एक्स पर जाम के फोटो भी अपलोड़ कर अधिकारियों को टैग किया। एसीपी मोदीनगर भाष्कर वर्मा ने बताया कि यातायात पुलिसकर्मी दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जगह-जगह तैनात किये गए हैं। कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बनी थी, जिसपर तत्काल काबू पा लिया गया।


