n NBT न्यूज, वाराणसी : धर्मनगरी काशी के चर्चित नमो घाट पर रविवार को एक हिंसक वारदात हुई। सोनभद्र से घूमने आए युवकों को निजी सुरक्षा गार्डों और बाउंसरों ने कथित तौर पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसमें 17 वर्षीय राजेश उर्फ चिंटू की मौत हो गई, जबकि उसके चार साथी घायल हो गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने चार गार्डों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, सोनभद्र निवासी राजेश अपने साथियों शिवजी, बृजेश, अंगद और रोहित के साथ शनिवार देर रात वाराणसी पहुंचा था। सभी भोर करीब तीन बजे नमो घाट पहुंचे। आरोप है कि गेट नंबर-1 पर मौजूद गार्डों ने घाट बंद होने की बात कहकर उन्हें रोक दिया, जिस पर विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ने पर गार्डों ने अन्य साथियों और बाउंसरों को बुला लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लाठी-डंडों से लैस गार्डों और बाउंसरों ने युवकों को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। उन्हें घाट पर दौड़ाया गया और मारपीट की गई। आरोप है कि राजेश को गिराकर उसके सिर और सीने पर बेल्ट, डंडों व लात-घूंसों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। उसके साथियों को भी चोटें आईं। घटना से घाट पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।
सूचना पर आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को मंडलीय अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। एसपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि चार सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। मृतक राजेश जायसवाल सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र के खलियारी गांव का रहने वाला था।




