nNBT न्यूज, लखनऊः स्नान-दान पर्व गंगा दशहरा मंगलवार को मनाने को लेकर पंचांगों में मतभेद है। कहीं 25 मई तो कहीं 26 मई की तारीख दी गई है। सामान्यतः यह पर्व ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है। लेकिन इस साल अधिक ज्येष्ठ मास पड़ने के कारण इसी मास में पर्व मनाया जाएगा। निर्णय सिंधु के अनुसार शुद्ध ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि का इंतजार नहीं करना चाहिए। पौराणिक मान्यता है कि इसी तिथि में मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। इस दिन दस की संख्या में चीजें दान करने व पूजा में अर्पित करने की परंपरा है। ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल ने बताया कि काशी पंचांग के अनुसार दशमी तिथि सोमवार सुबह 8:01 बजे से शुरू होकर मंगलवार सुबह 7:40 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार दशमी मंगलवार को मिल रही है। इस दिन हस्त नक्षत्र और सिद्धि योग रहेगा। चंद्रमा कन्या और सूर्य वृषभ राशि में संचरण करेगा।





