NBT न्यूज, चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को घोषणा की कि कैथल में महर्षि कश्यप के नाम से धर्मशाला बनाने के लिए प्रस्ताव दिया गया है। उन्हें उचित स्थान उपलब्ध करवाया जाएगा। इंद्री में महर्षि कश्यप के नाम से चौक का नामकरण कर वहां महर्षि कश्यप की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में महर्षि कश्यप के नाम से चेयर स्थापित करने हेतु उचित फंड उपलब्ध करवाया जाएगा।
नायब सिंह सैनी ने रविवार को चंडीगढ़ में संत कबीर कुटीर में " महर्षि कश्यप जयंती " के अवसर पर आयोजित राज्य-स्तरीय समारोह में कहा कि महर्षि कश्यप ने समाज को एक नई दिशा देने के लिए स्मृति ग्रंथ और कश्यप संहिता जैसे महान ग्रंथों की रचना की।





