निवेश से मुनाफे के नाम पर 33.55 लाख की ठगी में एक आरोपी गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम

निवेश के लालच में 33 लाख 55 हजार रुपये की ठगी हुई। पुलिस ने फरीदाबाद से सोनू कुमार साह नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सोनू ने कमीशन लेकर साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराया था। यह खाता ठगी के पैसों को ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल हुआ।

3355 lakhs cheating fraud in the name of investment one accused arrested

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

निवेश के नाम पर 33 लाख 55 हजार रुपये की ठगी के मामले में साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने के एक आरोपी को पुलिस ने फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोनू कुमार साह निवासी गोड्डा, झारखंड के रूप में हुई है। वह फिलहाल फरीदाबाद की दयाल बाग कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दाे दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2025 को थाना साइबर क्राइम दक्षिण, गुड़गांव में एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर शेयर और आईपीओ ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया गया। इसके बाद ठगों ने एक फर्जी इन्वेस्टमेंट प्लैटफॉर्म पर नकली लाभ दिखाकर उनसे अलग-अलग किस्तों में कुल 33 लाख 55 हजार रुपये का निवेश करा लिया। जब उन्होंने अपने रुपये निकालने चाहे, तो ठगों ने तरह-तरह के बहाने बनाकर भुगतान करने से इनकार कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि पीड़ित से ठगे गए रुपयों में से 5 लाख 30 हजार रुपये प्रशांत नाम के व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। पुलिस प्रशांत को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

कमीशन पर दिया था बैंक खाता: पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रशांत ने एक प्रतिशत कमीशन के लालच में यह खाता आरोपी सोनू कुमार साह को दिया था। इसके बाद सोनू ने अपना मुनाफा कमाकर यह खाता 2% कमीशन पर आगे किसी अन्य मुख्य साइबर अपराधी को सौंप दिया। पुलिस ने सोमवार को सोनू को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी से दो दिन के पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराए हैं और इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों से जुड़े हैं।