आईएमटी मानेसर से खोह और कांकरोला तक सड़कें होंगी चौड़ी

नवभारतटाइम्स.कॉम

हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन आईएमटी मानेसर की दो मुख्य सड़कों को चौड़ा करेगा। सेक्टर-3 से खोह गांव तक की सड़क 12 मीटर चौड़ी होगी। कांकरोला और आईएमटी मानेसर के बीच का मार्ग भी चौड़ा किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 96 लाख रुपये खर्च होंगे। यह चौड़ीकरण माल ढुलाई के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा।

imt manesar to khoh and kankrola roads to be widened development at a cost of 96 lakhs

n NBT रिपोर्ट, मानेसर: हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने आईएमटी मानेसर के सेक्टरों को गांवों से जोड़ने वाली दो मुख्य सड़कों के चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। इन पर करीब 96 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम की ओर से टेंडर जारी किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, आईएमटी सेक्टर-3 से गांव खोह तक जाने वाली करीब 250 मीटर लंबी सड़क अभी केवल सात मीटर चौड़ी है। अब इस सड़क को 12 मीटर चौड़ा कर नए सिरे से बनाया जाएगा। इस काम पर करीब 83.69 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं गांव कांकरोला और आईएमटी मानेसर के बीच एचएसआईआईडीसी की ओर से अधिग्रहित भूमि पर बने मौजूदा मार्ग का भी चौड़ीकरण किया जाएगा। इसे 15 फीट तक चौड़ा किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 12.55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उद्यमियों का कहना है कि सेक्टर-3 से खोह गांव तक का मार्ग माल ढुलाई की दृष्टि से विशेष है। सड़क चौड़ी होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। एचएसआईआईडीसी मानेसर के एजीएम राजीव गोयल ने बताया कि सड़कों का चौड़ीकरण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर जारी किया गया है।