NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : पीएम मोदी की खर्च में संयम बरतने की अपील का समर्थन करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि अभी फ्यूल, फर्टिलाइजर और फॉरेक्स पर ध्यान देने की जरूरत है। मुंबई में SIDBI के 37वें स्थापना दिवस के समारोह में उन्होंने उन लोगों को आड़े हाथों भी लिया, जो पीएम की अपील के बाद अर्थव्यवस्था की हालत को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि यह संकट बाहरी घटनाओं के चलते है। देश की अर्थव्यवस्था मजबूत है।
सीतारमण ने कहा कि कुछ लोग निराशाजनक बातें कर रहे हैं, लेकिन डर फैलाना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि पीएम ने अपील इसलिए की थी क्योंकि ईंधन के दाम ज्यादा हैं, गोल्ड के भाव बढ़ गए हैं और फर्टिलाइजर की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में अकल्पनीय उछाल आया है। इन तीनों के लिए डॉलर में भुगतान करना होता है। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए विदेशी मुद्रा भंडार बचाने पर ध्यान देने की जरूरत है।

