n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव : सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में एक शिक्षिका से फ्लैट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई है। आरोप है कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने 7.5 लाख रुपये और ब्लैंक चेक ले लिए, इसके बाद अपना ऑफिस बंद कर फरार हो गया। उच्च अधिकारियों की अनुमति और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी डीलर समेत अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पीड़िता प्रतिभा गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह एक दृष्टिबाधित विद्यालय में अध्यापिका हैं। उसी स्कूल में म्यूजिक टीचर के रूप में कार्यरत अनीता ने उन्हें निवेश करने की सलाह दी। अनीता पहले से आरोपी प्रॉपर्टी डीलर मनदीप वर्मा निवासी जींद को जानती थी। अनीता पर भरोसा कर प्रतिभा ने मनदीप को फ्लैट के लिए पैसे दे दिए। मनदीप ने अपना बैंक खाता सीज बताकर रकम अन्य खातों में ट्रांसफर करवाई थी। पीड़िता ने जुलाई और अगस्त 2022 के दौरान अलग-अलग किश्तों में करीब 7.5 लाख रुपये दिए। फ्लैट नहीं मिला तो पीड़िता ने मनदीप से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल नंबर बंद आने लगा और सुशांत लोक स्थित उसका ऑफिस भी बंद मिला। पीड़िता का आरोप है कि डीलर ने धोखे से ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर भी करवा लिए और रकम हड़प ली। पीड़िता द्वारा जुलाई 2025 में डीसीपी ईस्ट को दी गई शिकायत पर जांच के बाद केस दर्ज किया गया है।

