n NBT न्यूज, गुड़गांव
शहर के कॉलेजों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया तेज हो गई है और इस बार भी कॉमर्स स्ट्रीम छात्रों की पहली पसंद बनकर उभरी है। जिले के सरकारी और एडेड कॉलेजों में बीबीए और बीसीए के अलावा बीकॉम समेत विभिन्न कॉमर्स कोर्सों में सीटों से कई गुना अधिक आवेदन पहुंच चुके हैं। कई कॉलेजों में एक सीट पर पांच से छह छात्र आवेदन कर चुके हैं, जबकि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया अभी 31 मई तक जारी रहेगी।
कॉलेजों से मिली जानकारी के अनुसार, बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स, बीबीए और फाइनेंस से जुड़े प्रफेशनल कोर्सों में छात्रों का सबसे ज्यादा रुझान देखने को मिल रहा है। कॉमर्स कोर्सों में लगातार बढ़ती रुचि के पीछे बैंकिंग, अकाउंट्स, फाइनेंस, कॉर्पोरेट सेक्टर और प्रफेशनल करियर के बढ़ते अवसरों को बड़ी वजह माना जा रहा है। सेक्टर-9 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज के दाखिला नोडल अधिकारी संजय कात्याल ने बताया कि सबसे अधिक आवेदन बीबीए कोर्स में आए हैं। हर साल छात्रों के रुझान को देखते हुए इस साल इन कोर्सों में सीटें भी बढ़ी हैं। कॉमर्स के कोर्सों में 200 से 250 सीटें हैं। इन पर एक हजार से अधिक आवेदन आ चुके हैं। सबसे कम आवेदन आर्ट ऑनर्स में आए हैं। जल्द ही प्रदेश स्तर पर टॉप 10 कॉलेज की लिस्ट भी आने वाली है। हर साल जिले के कॉलेज टॉप 10 में जगह बनाते हैं। उम्मीद है कि इस बार भी अपनी जगह प्रदेश स्तर पर बना पाएंगे।
हर साल बढ़ रही छात्र संख्या: शिक्षाविदों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में कॉमर्स स्ट्रीम के प्रति छात्रों का रुझान लगातार बढ़ा है। खासकर गुड़गांव जैसे कॉर्पोरेट हब में रहने वाले छात्र कॉमर्स और मैनेजमेंट से जुड़े कोर्सों को प्राथमिकता दे रहे हैं। यही कारण है कि हर साल इन कोर्सों में सबसे अधिक आवेदन आते हैं। कई कॉलेजों को इस बार नए प्रफेशनल और स्किल बेस्ड कोर्स भी मिले हैं। इससे छात्रों के लिए विकल्प बढ़े हैं। कॉलेज प्रशासन का मानना है कि नए कोर्स आने से रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और छात्रों को इंडस्ट्री के अनुसार बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

