n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
अपने मालिक के लाखों रुपये लेकर फरार होने वाले एक शातिर ड्राइवर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 ने उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 160 ग्राम सोना, 2 लाख 75 हजार रुपये और एक आईफोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, बीती 3 मई को सेक्टर-50 थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उनका ड्राइवर विनय कुमार 30 अप्रैल को करीब 47 लाख 28 हजार रुपये लेकर सेक्टर-49 में डिलिवरी देने के लिए निकला था लेकिन वह बताई गई जगह पर पैसे पहुंचाने के बजाय रकम लेकर फरार हो गया और अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
बस्ती ज़िले से दबोचा: क्राइम ब्रांच टीम ने तकनीकी मदद और खुफिया इनपुट के आधार पर 21 मई को आरोपी को उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान विनय कुमार निवासी सुभाष कैंप, दक्षिणपुरी, आंबेडकर नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।
काफी रुपये कर दिए थे खर्च : पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले दो साल से ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। जब शिकायतकर्ता ने उसे कैश पहुंचाने के लिए भेजा, तो उसके मन में लालच आ गया और वह रुपये लेकर फरार हो गया। आरोपी ने बताया कि इन रुपयों में से करीब 26 लाख रुपये से उसने एक रिश्तेदार के माध्यम से सोना खरीदा, एक आईफोन खरीदा और बाकी रकम का बड़ा हिस्सा व्यक्तिगत खर्चों में उड़ा दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

