n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
मानेसर थाना एरिया में रविवार को मृत मिली विवाहिता की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद पैतृक गांव में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका का शव बस स्टैंड के पास स्थित एक किराए के मकान से बरामद हुआ था। मायके पक्ष ने मृतका के पति अंकित और उसकी कथित प्रेमिका पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। मानेसर थाना पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं, जल्द ही उन्हें अरेस्ट किया जाएगा।
मृतका की पहचान रेवाड़ी के गांव हंसाका निवासी मधु के रूप में हुई। परिजनों की मानें तो करीब तीन महीने पहले ही 19 फरवरी को मधु का विवाह मानेसर निवासी अंकित भगत के साथ हुआ था। शादी में उन्होंने पूरा दान-दहेज भी दिया था। 21 मई को ससुराल पक्ष के लोग हंसाका पहुंचे और बताया कि मधु घर से नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गई है। ससुराल वालों ने इस बात की सूचना पुलिस को नहीं दी थी। लड़की पक्ष के लोगों ने खुद मानेसर थाने में मधु की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पड़ोसियों ने बताई सच्चाई तो खुला राज: जांच के दौरान पड़ोसियों ने खुलासा किया कि उन्होंने मधु को आखिरी बार पति अंकित के साथ स्कूटी पर जाते देखा था। पुलिस की छानबीन के बीच 22 मई को आरोपी पति अंकित भी अचानक लापता हो गया। आरोप है कि अंकित का पिछले कई वर्षों से किसी अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार दोपहर को जब तलाश करते हुए लोग मानेसर बस स्टैंड के पास स्थित उस किराये के कमरे पर पहुंचे जहां अंकित की प्रेमिका रहती थी, तो वहां से बदबू आ रही थी। कमरे का ताला तोड़ने पर भीतर बाथरूम में मधु का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। मृतका की पहचान उसके कपड़ों से की गई।

