काम पर आने के अगले ही दिन मेड ने ‘साफ’ किया कारोबारी का घर

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव के सेक्टर-86 में एक होटल कारोबारी के घर से लाखों की जूलरी और नकदी चोरी हो गई। यह चोरी काम पर रखने के अगले ही दिन एक मेड ने की। पीड़ित परिवार ने एक नामी एजेंसी से मेड को काम पर रखा था। एजेंसी ने बैकग्राउंड वेरिफिकेशन का आश्वासन दिया था।

med stole lakhs worth of jewelry and cash on first day of work hoteliers house burgled

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के सेक्टर-86 स्थित माइक्रोटेक ग्रीनबर्ग अपार्टमेंट्स में होटल कारोबारी के घर से लाखों रुपये की जूलरी व 32 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी का आरोप नामी एजेंसी के माध्यम से 24 घंटे के लिए काम पर रखी गई मेड पर है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, सोसायटी में रहने वाले अभिषेक शर्मा होटल कारोबारी हैं, जबकि उनकी पत्नी प्रियंका शर्मा एक एमएनसी में जॉब करती है। अभिषेक ने बताया कि उनके 76 वर्षीय वृद्ध पिता का हाल ही में मेदांता अस्पताल में घुटने का ऑपरेशन हुआ था और वे पूरी तरह बेड-रेस्ट पर हैं। घर में दो छोटे बच्चे भी हैं। दंपती को बच्चों और पिता की देखभाल के लिए एक मेड की जरूरत थी।

एजेंसी को दिए थे 17 हज़ार रुपये: इंटरनेट के जरिए पीड़ित परिवार ने 'Moppin Services' प्लेसमेंट एजेंसी से संपर्क किया। एजेंसी के संचालकों ने शत-प्रतिशत बैकग्राउंड वेरिफिकेशन और स्क्रीनिंग का आश्वासन देकर उनसे 17 हजार रुपये फीस ली। 13 मई की शाम करीब 6 बजे एजेंसी ने कोमल देवी को काम पर भेजा। 14 को दोपहर के समय अभिषेक अपने पिता को लेकर अस्पताल गए थे और पत्नी बच्चे को स्कूल से घर छोड़कर जिम चली गई थीं, तब कोमल घर में अकेली थी। शाम करीब 4:20 बजे जब उनकी सास अचानक फ्लैट पर पहुंचीं, तो उन्होंने आरोपी मेड को मुख्य बेडरूम में संदिग्ध हालत में पाया। टोकने पर वह घबरा गई और कुछ ही देर बाद पटना में पारिवारिक इमरजेंसी और बीमारी का बहाना बनाकर नौकरी छोड़ दी। 15 मई की सुबह कारोबारी ने उसे एमजी रोड मेट्रो स्टेशन भी छोड़ा था।

अलमारी खोली तो उड़े होश: 15 मई की दोपहर जब प्रियंका शर्मा ने बेडरूम की अलमारी खोली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अलमारी से साने का कंठहार, चूड़ियां, चेन, झुमके, लॉकेट व बच्चों के ब्रेसलेट और 32 हजार रुपये गायब थे। चोरी का पता चलते ही जब पीड़ित परिवार ने प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए आरोपी कोमल देवी से कॉन्फ्रेंस कॉल पर बात की, तो उसने विरोधाभासी बातें कीं। उसने खुद को पटना में होना बताया, जबकि कुछ ही घंटों में पटना पहुंचना असंभव था। लाइव लोकेशन मांगने पर आरोपी ने फोन काट दिया और तब से उसका मोबाइल नंबर लगातार बंद आ रहा है। जिसके बाद अभिषेक शर्मा ने खेड़कीदौला थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।