n NBT न्यूज, रेवाड़ी: मध्य प्रदेश के शहर रीवा में पैदल जा रहीं जैन समाज की दो साध्वियों को एक कार चालक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना से आक्रोषित लोगों ने आरोपी कार चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर सोमवार को नगर के बावल रोड स्थित जैन भगवान आदिनाथ मंदिर से रोष मार्च निकाला। जिला सचिवालय पहुंचकर प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व जैन समाज के प्रधान महेंद्र कुमार जैन व जैन मिलन के पदाधिकारी कर रहे थे। बता दें कि इस मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग का केस दर्ज किया है। जैन समाज के प्रधान महेंद्र कुमार जैन सर्राफ ने बताया कि दिगंबर जैन समाज की दो साध्वी आरिका श्रुतमति माता व उपशममति माता मध्य प्रदेश के रीवा शहर में पैदल विहार करते हुए सड़क के किनारे चल रही थीं। इसी दौरान चालक राशिद अहमद अली कार को तेज गति से चलाते हुए आया और पीछे से दोनों माताओं को जोरदार टक्कर मारकर कुचल दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यह जैन साधुओं के प्रति सोची समझी साजिश थी। मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी चालक कार को इरादतन सड़क से उतारकर दोनों माताओं को कुचल देता है। इस जघन्य हत्याकांड को लेकर पूरे देश के जैन समाज में आक्रोश है। प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सरकार से मांग की गई है कि ऐसे विकृत मानसिकता वाले चालक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

