कार ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, रीढ़ की हड्डी टूटी

नवभारतटाइम्स.कॉम

बजघेड़ा सर्विस रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की रीढ़ की हड्डी टूट गई और सिर में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित को दिल्ली के इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

speeding car hits biker spine broken condition critical

n NBT रिपोर्ट, राजेंद्रा पार्क

बजघेड़ा सर्विस रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की रीढ़ की हड्डी टूट गई और सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित फिलहाल दिल्ली के द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नई दिल्ली के नजफगढ़, सैनिक एन्क्लेव निवासी सुनील कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि वह 15 मई की शाम को गुड़गांव से दिल्ली लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच जब वह बजघेड़ा सर्विस रोड पर पहुंचे, तो आगे मुड़ने के कारण उन्होंने अपनी बाइक की स्पीड धीमी कर ली। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद कार में सवार दो अज्ञात लोगों में से सौरभ शर्मा ने घायल सुनील को द्वारका सेक्टर-9 स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया।

केस रफा-दफा करने का बनाया दबाव: पीड़ित का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद से आरोपी चालक सौरभ शर्मा लगातार केस रफा-दफा करने और सुलह करने की धमकियां दे रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, हादसे में सुनील की रीढ़ की हड्डी टूट चुकी है और वह उठकर बैठने की स्थिति में भी नहीं हैं।