पीटीआई, मुंबई : मंगलवार को टाटा संस (Tata Sons) के बोर्ड की एक अहम बैठक होने जा रही है। सूत्रों ने सोमवार को बताया कि इस बैठक में समूह की उन कंपनियों पर चर्चा होने की संभावना है जो फिलहाल घाटे में चल रही हैं।हालांकि, सूत्रों ने यह साफ कर दिया है कि बोर्ड मीटिंग में टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को दोबारा नियुक्त करने पर चर्चा होने की उम्मीद नहीं है। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब समूह के भीतर आपसी खींचतान की खबरें आ रही हैं। एक सूत्र ने बताया कि जो कंपनियां घाटे में हैं, वे बोर्ड के सामने अपने बिजनेस की मौजूदा स्थिति और भविष्य की योजना को लेकर प्रेजेंटेशन दे सकती हैं। समझा जाता है कि चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने पिछले हफ्ते के अंत में मुलाकात की थी। नोएल टाटा, टाटा संस के बोर्ड में ट्रस्ट की तरफ से डायरेक्टर भी हैं।

