n NBT रिपोर्ट, डीएलएफ फेज-3
थाना एरिया के U-ब्लॉक में भाषा (बोली) को लेकर हुए विवाद में बिहार के एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को लात-घूसों से इस कदर पीटा कि वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। उसके सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से भोजपुर, बिहार के रहने वाले आदित्य राज पाण्डेय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुड़गांव के डीएलएफ फेज-3 एरिया में U-ब्लॉक में किराए पर रहते हैं। आदित्य, उनका दोस्त अंश त्यागी और जोएल के. जोस सेक्टर-48 स्थित एक कंपनी में काम करते हैं। आदित्य के अनुसार, 20 मई की रात अंश त्यागी ने उसे कॉल कर U-ब्लॉक में जोएल के कमरे पर मिलने के लिए बुलाया। आदित्य रात करीब 2 बजे वहां पहुंचे। आरोप है कि कमरे में पहले से अंश त्यागी, जोएल, अंश के 2 दोस्त उदय सनसनवाल व निखिल सनसनवाल के अलावा एक लड़की भी मौजूद थी।
गालीगलौज का विरोध किया तो की मारपीट
आरोप है कि कुछ देर बाद जब जोएल नीचे खाने-पीने का सामान लेने गया, तभी शराब के नशे में उदय और निखिल ने आदित्य पर तंज कसना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि हमें तुम्हारी भाषा समझ में नहीं आ रही है। इसके बाद वे आदित्य को भद्दी गालियां देने लगे। जब आदित्य ने इसका विरोध किया तो उदय ने उसे थप्पड़ मार दिया। अंश त्यागी ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उदय और निखिल ने तैश में आकर आदित्य के सिर और चेहरे पर लात-घूसों व मुक्कों से हमला कर दिया। इसी दौरान जोएल भी नीचे से आ गया और उसने अंश के साथ मिलकर आदित्य को किसी तरह दोनों से बचाया।
हमले के बाद मौके पर ही बेहोश हो गए पीड़ित
आरोप है कि जाते-जाते दोनों आरोपियों ने आदित्य को जान से मारने की धमकी भी दी। हमले के बाद आदित्य मौके पर ही बेहोश हो गए। इसके बाद जोएल ने उसे तुरंत नाथूपुर स्थित केआरबीएस अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने पर नाथूपुर पुलिस चौकी के हेड कॉन्स्टेबल जय सिंह अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि शुरुआती जांच में पीड़ित के मुंह से शराब की गंध आने के कारण मामला संदिग्ध लगा, लेकिन मौके पर की गई तस्दीक और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपों की पुष्टि हुई। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।

