n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
सदर थाना पुलिस ने एक कंपनी में कर्मचारियों द्वारा की गई धोखाधड़ी और गबन के मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे 10 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान कुलदीप निवासी अशोका एन्क्लेव पार्ट-2, सेक्टर-37, फरीदाबाद के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 20 दिसंबर 2025 को सामने आया था। सेक्टर-34 स्थित सुधीर पावर लिमिटेड के एक पदाधिकारी ने थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी के मानेसर स्थित डिपो में कार्यरत कुछ कर्मचारी मिलकर सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी कर रहे थे। आरोप है कि आरोपी कंपनी के नाम पर डीजी सेट पार्ट्स की फर्जी मांग दिखाते थे। इसके बाद वेंडर से सामान तैयार होने पर उसे पोर्टर के माध्यम से उठवाया जाता और प्लांट तक पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही उसका गबन कर लिया जाता था। इस तरह कर्मचारियों ने करीब 40 लाख रुपये के सामान का गबन किया। सदर थाना पुलिस टीम ने अब इस मामले में आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि कुलदीप गबन किए गए सामान को खरीदता था।


