n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: सोहना एलिवेटेड रोड पर वाटिका चौक के पास गुरुवार दोपहर एक नई हाइवा गाड़ी में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते सतर्कता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, जैसे ही हाइवा गाड़ी वाटिका चौक के पास पहुंची, उसमें से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। पास में रखी 20 लीटर पानी की बोतल से उसने शुरुआती आग बुझाने की कोशिश की। जिससे आग पूरी गाड़ी में फैलने से रुक गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। घटना के दौरान एलिवेटेड रोड पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।


