सुआ घोंप फल कारोबारी की ली थी जान, आरोपी गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव की खांडसा मंडी में पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में एक फल कारोबारी की हत्या कर दी गई। क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी जय भगवान उर्फ सीटू को सोनीपत से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।

sua ghop fruit trader murder accused arrested in parking dispute

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

खांडसा मंडी में पार्किंग और गाड़ी लगाने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक फल कारोबारी की नुकीले हथियार (सुआ) से गोदकर हत्या करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 की टीम ने मुख्य आरोपी को सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हीरानगर, गुड़गांव निवासी जय भगवान उर्फ सीटू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।

दुकान के सामने गाड़ी लगाने पर हुआ विवाद

शिवाजी नगर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक भारत भूषण के भाई ने बताया था कि 24 मई की सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच वह खांडसा मंडी में अपनी दुकान के सामने फलों की गाड़ी लगवा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस की दुकान चलाने वाले राहुल ने गाड़ी लगाने का विरोध किया और अपनी दुकान के मालिक जय भगवान को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि जय भगवान ने आते ही गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध पर तैश में आकर उसने अपने हाथ में लिए नुकीले सुए से भारत भूषण की छाती पर लगातार वार कर दिए। हमले के बाद भारत भूषण लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद फरार हो गया था मुख्य आरोपी

वारदात के बाद आरोपी शहर से फरार हो गया था। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर गठित क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 की टीम ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को आरोपी जय भगवान उर्फ सीटू को सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि पार्किंग के विवाद में गुस्से में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी गुड़गांव में जुआ अधिनियम के तहत दो केस दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दो दिन के पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया नुकीला हथियार बरामद किया जाएगा।