n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: कॉमन यूनिवर्सिटी ऐडमिशन टेस्ट (यूजी) की परीक्षा शनिवार को छात्रों के लिए मुसीबत का सबब बन गई। नैशनल टेस्टिंग एजेंसी का सर्वर फेल होने के चलते शहर के परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी दो घंटे तक इंतजार करते रहे। सुबह की पाली की परीक्षा जहां दो घंटे देर से हुई तो वहीं शाम की पाली की परीक्षा तीन की जगह चार बजे शुरू हुई। ऐसे में परीक्षा केंद्रों पर छात्र व अभिभावकों ने विरोध किया। कई केंद्रों पर जिम्मेदारों और अभिभावकों के बीच कहासुनी भी हुई।
सुबह की पाली में गोमती नगर के हुसड़िया चौराहे स्थित केंद्र पर बेटी को परीक्षा दिलाने पहुंचे प्रवीश शुक्ला ने बताया कि परीक्षा का समय 9 बजे था लेकिन हम साढ़े आठ बजे ही केंद्र पर पहुंच गए लेकिन समय बीतने के बाद भी परीक्षा शुरू नहीं हुई। बाद में सर्वर खराब होने की जानकारी दी गई। बाहर धूप में दो घंटे तक खड़े रहे उसके बाद भी परीक्षा शुरू नहीं हो सकी। इस पर कई अभिभावकों ने विरोध किया। सुबह की परीक्षा 11: 30 बजे शुरू हो सकी जो ढाई बजे खत्म हुई। इस दौरान अभिभावक सुबह से दोपहर तक परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े रहे।
गुस्सा शांत कराने के लिए मंगाई फ्रूटी
एलडीए कॉलोनी स्थित आवर लिटिल एंजल स्कूल पर भी यही हाल रहा। सुबह के बाद दोपहर तीन बजे से परीक्षा होनी थी लेकिन परीक्षा चार बजे शुरू हुई। बेटे को परीक्षा दिलाने आईं कुसुम वर्मा ने बताया कि 2:40 पर एंट्री शुरू हो गई थी लेकिन परीक्षा तीन बजे शुरू ही नहीं हुई। इसके बाद जब बच्चों ने हंगामा शुरू किया तो सेंटर संचालकों ने बच्चों को शांत कराने के लिए फ्रूटी व अन्य चीजें मंगाई। इसके बाद चार बजे पेपर शुरू हुआ जो सात बजे तक चला। स्कूल की निदेशक सुमन उपाध्याय ने बताया कि स्कूल में एनटीए की परीक्षा थी। सर्वर की दिक्कत के चलते परीक्षा देर से हुई, अभिभावकों ने काफी सपोर्ट किया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी एग्जाम देर से शुरू हुआ।


