n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : लखनऊ में विवि में एमएड की परीक्षा में शनिवार को एक केंद्र पर जब छात्र परीक्षा देने पहुंचे तो केंद्र पर ताला अटका मिला। सुबह 8:30 बजे से निर्धारित परीक्षा देने जब परीक्षार्थी केंद्र पर पहुंचे, तो कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला लटकता मिला। मामला सीतापुर के आचार्य नरेंद्र टीचर ट्रेनिंग सेंटर कॉलेज का है। इसके बाद परीक्षार्थियों ने विरोध करना शुरू किया और एक ने विडियो बनाकर अधिकारियों को भेजा। इसके बाद जिम्मेदारों के फोन गए तो 9 बजे परीक्षार्थियों की एंट्री हुई और सवा नौ बजे परीक्षा शुरू हुई।
शनिवार को एमएड चौथे सेमेस्टर की परीक्षा थी। परीक्षा देने आई एक छात्रा के अभिभावक प्रवीण ने बताया कि जब वे अपनी बेटी को लेकर समय से कॉलेज पहुंचे तो वहां का गेट बंद था और कर्मचारी को परीक्षा की भनक तक नहीं थी। करीब आधे घंटे तक छात्र कॉलेज के बाहर खड़े होकर गेट खुलने का इंतजार करते रहे। काफी जद्दोजहद और फोन कॉल्स के बाद कॉलेज का गेट खुला और परीक्षा शुरू कराई गई। परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में कॉलेज प्रशासन की इस घोर लापरवाही को लेकर परीक्षार्थियों और अभिभावकों में रोष है।


