Diwali Flower And Fruit Prices Skyrocket Impacting Pockets Heavily
फूलों की महक हो गई महंगी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ
दीपावली पर्व पर फूलों के बाजारों में जबरदस्त रौनक और बंपर डिमांड देखने को मिल रही है। हालांकि, भारी मांग और आपूर्ति में अंतर के चलते इस बार लोगों को फूलों के लिए अच्छी-खासी कीमत चुकानी पड़ रही है। चौक और किसान मंडी जैसे थोक बाजारों से लेकर भूतनाथ और निशातगंज जैसे प्रमुख स्थानीय बाजारों में फूलों के दाम आसमान छू रहे हैं। थोक मंडियों में जहां गेंदा फूल 150 रुपये प्रति किलो और गुलाब 400 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, वहीं फुटकर बाजारों में गेंदा 220 प्रतिकिलो और गुलाब 500 रुपये तक बिक रहा जिसकी कीमत दिवाली पर और बढ़ने की आशंका है।कमल के फूल की महक भी मंहगी : दिवाली पर विशेष महत्व रखने वाले कमल के फूल की मांग में भी भारी उछाल आया है। सामान्य दिनों में महज 5 रुपये में मिलने वाला कमल का फूल थोक में 20 से 50 रुपये तक बिका, जबकि फुटकर बाजारों में यह 50 रुपये तक बिक रहा है और पर्व के दिन इसके दाम 90 से 100 रुपये तक पहुंचने की पूरी संभावना है।
सेब हुआ लाल, शरीफे के भी चढ़े दाम : बाज़ार में फलों के दामों में उछाल देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल फल प्रकोष्ठ के प्रभारी नीलेश सोनकर ने बताया कि आम तौर पर 60 से 100 रुपये प्रति किलो बिकने वाला शरीफा इस समय "125 से 130 प्रति किलो तक पहुंच गया है। वहीं, कुछ दिन पहले तक "120 से 150 प्रति किलो मिलने वाला सेब अब "200 रुपये पर पहुंच गया है।