Passenger Safety Lessons From Flydubai Accident And Moral Thoughts Of Gandhi shastri
 यात्रियों की सुरक्षा तय हो
नवभारतटाइम्स.कॉम•
2 अक्टूबर का संपादकीय ‘सुरक्षा की समीक्षा’ पढ़ा। विमान फ्लाईदुबई की उड़ान को हादसे से बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छर और यात्रियों की सूझबूझ व साहस निश्चित रूप से सराहनीय है। हालांकि घटना की जांच शुरू हो चुकी है। सबसे अहम सवाल यह है कि को-पायलट ने ऐसा कदम क्यों उठाया और क्या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी। इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिल सकेंगे। सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा के साथ चालक दल की आपातकालीन ट्रेनिंग को भी और प्रभावी बनाया जाना चाहिए, ताकि ऐसी अप्रत्याशित परिस्थितियों में विमान और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अमृतलाल मारू, ईमेल से
 गांधी, शास्त्री की सीख
महात्मा गांधी का व्यक्तित्व और उनकी विचारधारा सामाजिक निर्माण के साथ-साथ व्यक्ति के नैतिक विकास का मार्ग दिखाती है। उन्होंने शिक्षा, स्वराज, सत्य, अहिंसा और शुद्ध आचरण को जीवन का आधार माना। उनका मानना था कि विचारों की स्वच्छता बेहद जरूरी है, क्योंकि स्वच्छ विचार ही व्यक्ति को सही-गलत का विवेक देते हैं और उसे सही मार्ग पर बनाए रखते हैं। लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन भी हमें यही सीख देता है कि सरलता व्यक्तित्व में शालीनता, संस्कार, दया और करुणा जैसे गुणों को मजबूत करती है। गांधी और शास्त्री के विचार आज भी जीवन के लिए अनमोल हैं। उनकी सीख जीवन को सार्थक बनाती है। हमारे कर्म और व्यवहार ही दुनिया में हमारी स्थायी पहचान छोड़ते हैं।