Doctor Satya Ratna Missing In Suspicious Circumstances Car Found Abandoned In Aliganj Apprehension Of Kidnapping
संदिग्ध हालात में डॉक्टर लापता, अलीगंज में लावारिस मिली कार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : मड़ियांव स्थित घर से सोमवार सुबह कार लेकर निकले डॉक्टर सत्यरत्न संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। दोपहर में परिचित प्रखर पांडेय ने उनकी पत्नी डॉ. शिप्रा यादव को बताया कि डॉक्टर ने हजरतगंज में होने और दो स्कॉर्पियो से पीछा किए जाने की बात कही है। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। डॉक्टर की कार अलीगंज के पुरनिया में खड़ी मिली। पत्नी की तहरीर पर मड़ियांव पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
शिप्रा के मुताबिक, सत्यरत्न सुबह 9:25 बजे कार (UP32 MQ 6024) से निकले थे। दोपहर 2:30 बजे प्रखर ने बताया कि डॉक्टर ने उसे फोन कर 17 हजार रुपये इमरजेंसी के लिए मांगे थे, जो उसने ऑनलाइन भेज दिए। इसके बाद डॉक्टर ने उसे हजरतगंज बुलाया और पीछा किए जाने की बात कही। बाद में उन्होंने खुद को अलीगंज में बताया था।शाम छह बजे शिप्रा को एक रिकॉर्डिंग भेजी गई, जिसमें डॉक्टर की आवाज होने का दावा किया गया। इसके बाद एक अन्य नंबर से फोन कर खुद को प्रीतीनगर निवासी बताने वाले व्यक्ति ने डॉक्टर के अपहरण की बात कही और फोन काट दिया। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर के कई लोगों से रुपये के लेनदेन की जानकारी मिली है।