एयरपोर्ट के पास लेबर कैंप कॉलोनी में लगी आग, दो मजदूर झुलसे

नवभारतटाइम्स.कॉम•
massive fire in labor camp near airport 2 laborers injured 3 explosions
nNBT न्यूज, सरोजनीनगर : अमौसी एयरपोर्ट से 800 मीटर दूर टाटा प्रोजेक्ट्स की लेबर कैंप कॉलोनी में मंगलवार सुबह आग लग गई। पीवीसी से बने कमरों में आग तेजी से फैलने के साथ तीन धमाके हुए। काले धुएं और आग की लपटों से आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना पर पहुंची छह दमकल गाड़ियों ने 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में दो मजदूर घायल हुए हैं। एफएसओ सुमित प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में मजदूर खाना बना रहे थे। इसी दौरान सिलिंडर से आग लगने की बात सामने आई है।

अमौसी एयरपोर्ट में टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड की ओर से एक फाइव स्टार होटल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए कॉन्ट्रैक्टर श्रीपति सिविल इंफ्रा वर्क्स के जरिए करीब 3000 मजदूर काम कर रहे हैं। मंगलवार सुबह 6:55 बजे एयरपोर्ट परिसर से 800 मीटर दूर लक्ष्मण चौक के पास स्थित श्रमिक कॉलोनी में आग लग गई। तीन मंजिला इमारत में बने 33 कमरों में 400 से अधिक मजदूर रहते हैं। बताया गया कि जिस कमरे में सबसे पहले आग लगी, उसमें करीब 12 मजदूर मौजूद थे।
आग की जानकारी होते ही सभी मजदूर कमरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग आसपास के कमरों तक फैल गई। इसी दौरान कमरों के भीतर से तीन तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। इससे कॉलोनी और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। घना काला धुआं करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।

एयरपोर्ट की टीम ने भी संभाला मोर्चा

आग की सूचना पर एयरपोर्ट की रेस्क्यू ऐंड फायर फाइटिंग टीम ने फायर टेंडर मौके पर भेजा। एहतियात के तौर पर श्रमिकों को प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में एक क्रैश फायर टेंडर और दो फायर टेंडर और मौके पर भेजे गए। छह दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग की चपेट में आने से बिहार निवासी निर्मल (30) झुलस गए, जबकि प्रतापगढ़ के सालीपुर निवासी राहुल कुमार (26) दूसरी मंजिल से कूदने के दौरान घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग में दर्जनभर कमरों में रखा कपड़ा, राशन, नकदी और अन्य सामान जल गया।

रेकमेंडेड खबरें