कैसरबाग पुलिस ने सोमवार देर शाम कैफे की आड़ में चल रहे हुक्काबार में छापेमारी कर चार कर्मचारियों समेत 42 लोगों को गिरफ्तार किया। हालांकि, कैफे संचालक मौके से भाग निकले। पुलिस ने मौके से 20 हुक्के, 26 चिलम, 10 पाइप, 11 पैकेट फ्लेवर्ड तंबाकू, चारकोल, तीन मोबाइल और 2,420 रुपये बरामद किए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीनों संचालकों की तलाश शुरू कर दी है।थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि कुछ दिन से सिटी होटल के ऊपर स्थित कैफे टेल्स में हुक्का बार संचालित किए जाने की सूचना मिल रही थी। सोमवार देर रात थाना प्रभारी ने कैफे में छापेमारी की। वहां हॉल में धुआं भरा था और टेबल पर हुक्के रखे थे। पुलिस को देखते ही अफरातफरी मच गई और लोग भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर कर्मचारियों समेत 42 लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में कर्मचारी शाहरुख अंसारी ने बताया कि कैफे टेल्स का संचालन सैय्यद जिया अली उर्फ दाऊद, बिलाल और सारिक करते हैं। पुलिस ने हुक्का बार संचालन से संबंधित वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन संचालक मौके पर मौजूद नहीं थे। छानबीन में पता चला कि भगदड़ के दौरान तीनों संचालक भाग निकले।
थाना प्रभारी ने बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र के लोगों को तंबाकू उत्पाद बेचना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कैफे में नियमों की अनदेखी की जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि संचालक कम उम्र के युवकों और छात्रों को हुक्का बार का लाइसेंस होने का झांसा देते थे। कई बार छात्र स्कूल ड्रेस में भी यहां आते थे। उपनिरीक्षक रंजीत सिंह की तहरीर पर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस फरार संचालकों की तलाश कर रही है।