SCERT टीचर हॉस्टल में कैंटीन शुरू होने का इंतज़ार और बढ़ा

नवभारतटाइम्स.कॉम•
scert teacher hostel canteen opening delayed further agency selection pending
nअनीता, गुड़गांव

गुड़गांव स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) के टीचर हॉस्टल में कैंटीन शुरू होने का इंतजार बढ़ गया है। हॉस्टल में ठहरने वाले शिक्षकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को परिसर में ही भोजन उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन पहली प्रक्रिया में पर्याप्त बोली नहीं लगने के कारण अब दोबारा से एजेंसियों से बोली आमंत्रित की गई है।
ताकि शिक्षकों को परिसर में मिलेगा भोजन: SCERT में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से शिक्षक और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल होने आते हैं। टीचर हॉस्टल में ठहरने के दौरान उन्हें भोजन के लिए बाहर जाना पड़ सकता है। कैंटीन शुरू होने के बाद परिसर में ही नाश्ता, लंच, डिनर और चाय-स्नैक्स उपलब्ध कराने की योजना है। योजना के तहत नाश्ते की अधिकतम दर 80 रुपये, लंच 150 रुपये, डिनर 150 रुपये और चाय-स्नैक्स 50 रुपये रखी गई है।

सफाई समेत अन्य इंतज़ाम एजेंसी ही देखेगी : चयनित एजेंसी को भोजन के साथ कैंटीन की सफाई, कर्मचारियों की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और परिसर के रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभालनी होगी। कर्मचारियों के जरूरी दस्तावेज, मेडिकल प्रमाणपत्र और पुलिस सत्यापन जैसी शर्तें भी रखी गई हैं। बिजली का खर्च भी कैंटीन संचालक को ही उठाना होगा।

रेकमेंडेड खबरें