चार्जशीट की रंजिश में दरोगा पर हमला

नवभारतटाइम्स.कॉम•
charge sheet grudge goons attack sub inspector tear uniform break nameplate
n NBT न्यूज, लखनऊ: चौक इलाके में आपराधिक मामले में चार्जशीट दाखिल करने की रंजिश को लेकर कार सवार दबंगों ने ड्यूटी पर तैनात दारोगा के साथ बीच सड़क मारपीट की। आरोपितों ने दारोगा की वर्दी फाड़ दी और उनकी नेमप्लेट भी तोड़ दी। पीड़ित दारोगा की तहरीर पर चौक कोतवाली पुलिस ने शनिवार शाम तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

चौक कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक (SI) भूपेंद्र सिंह के मुताबिक, शुक्रवार रात फव्वारा चौराहे के पास एक कार बेतरतीब ढंग से पार्क थी। इससे चौराहे पर जाम की स्थिति बन रही थी। उन्होंने ई-चालान ऐप के जरिए वाहन स्वामी का नंबर निकालकर कार हटाने के लिए फोन किया। कुछ ही देर में मौके पर ताहा हुसैन नाम का युवक पहुंचा। दारोगा के अनुसार, उन्होंने पूर्व में एक आपराधिक मामले में ताहा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी, जिससे वह पहले से खुन्नस खाए बैठा था। कार हटाने के लिए कहने पर ताहा भड़क गया। शोर सुनकर उसके दो साथी मौलाना सलमान और हंजला सलमान भी मौके पर आ धमके। तीनों ने मिलकर दारोगा भूपेंद्र सिंह पर हमला कर दिया। चौक कोतवाली थाना प्रभारी, नागेश उपाध्याय ने कहा कि दरोगा की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

रेकमेंडेड खबरें