सोसायटी में रजिस्ट्री के मुद्दे को लेकर निवासियों ने प्रदर्शन किया

नवभारतटाइम्स.कॉम•
gaur city 2 residents protest against builder over non registration of flats
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा वेस्ट

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौड़ सिटी-2 स्थित 14वें एवेन्यू में शनिवार को फ्लैटों की रजिस्ट्री नहीं होने से नाराज निवासियों ने बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। पूरी रकम चुकाने के बावजूद रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे निवासियों ने प्रबंधन की ओर से प्रस्तावित जनरल बॉडी मीटिंग (जीबीएम) का विरोध किया। विरोध के बाद प्रबंधन ने बैठक रद्द कर दी।
निवासियों सौरभ रॉय और अविनाश ने बताया कि उन्होंने जीवनभर की बचत से फ्लैट खरीदे हैं, लेकिन कई साल से रजिस्ट्री लंबित है। टावर ओ और आर के निवासियों का आरोप है कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद उन्हें रजिस्ट्री पूरी होने की स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई गई है। इसके बावजूद बिल्डर प्रबंधन अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। निवासियों की मांग है कि पहले सभी लंबित फ्लैटों की रजिस्ट्री कराकर उन्हें कानूनी मालिकाना हक दिया जाए, इसके बाद ही एओए गठन की प्रक्रिया आगे बढ़े। उन्होंने रजिस्ट्री में देरी का कारण बताने, सभी लंबित मामलों के निपटारे के लिए लिखित समयसीमा देने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की मांग की।

रेकमेंडेड खबरें