सोसायटियों में हैंडओवर के लिए नोफा ने चलाया अभियान
Contributed by: pravesh.singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा : नोएडा की 45 से अधिक ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में अब तक पूर्ण हैंडओवर नहीं हो सका है। इससे सोसायटियों के प्रबंधन, वित्तीय पारदर्शिता और निवासियों के अधिकारों से जुड़े सवाल उठ रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (नोफा) ने ‘हैंडओवर 360 डिग्री’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत शनिवार को सेक्टर-77 स्थित एक्सप्रेस जेनिथ सोसायटी में एओए पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। इसमें हैंडओवर में देरी के मामलों में कानूनी पहलुओं पर चर्चा कर आगे की प्रक्रिया तय की गई। बैठक में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता प्रशांत कान्हा ने अधिवक्ता निशा राय के सहयोग से एओए को हैंडओवर से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हैंडओवर केवल मेंटेनेंस की जिम्मेदारी लेने तक सीमित नहीं है। इसमें सोसायटी की साझा संपत्तियों, कॉमन एरिया, वित्तीय रिकॉर्ड, जरूरी दस्तावेजों और वैधानिक जिम्मेदारियों का विधिवत हस्तांतरण भी शामिल है। बैठक में बकाया राशि, देनदारियों और वैधानिक अनुपालन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। एओए को सलाह दी गई कि बिल्डर से हस्तांतरण के दौरान सभी दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच करे और लंबित जिम्मेदारियों का स्पष्ट ब्योरा ले, ताकि भविष्य में निवासियों को परेशानी न हो।