पेंटर हत्याकांड में आरोपित पुलिस की गिरफ्त से दूर

नवभारतटाइम्स.कॉम•
पेंटर हत्याकांड में आरोपित पुलिस की गिरफ्त से दूर
n NBT न्यूज, आलमबाग : कृष्णानगर कोतवाली इलाके के ओसो नगर में शुक्रवार सुबह किराये के मकान में रहने वाले पेंटर सुखपाल की शराब पार्टी के दौरान हत्या मामले में घटना के 24 घंटे बाद भी हत्यारोपी मजदूर राजेश रावत उर्फ काली पुलिस की गिरफ्त से दूर है। वहीं स्थानीय कृष्णा नगर पुलिस ने सुखपाल के हत्यारोपी मजदूर की तलाश मे डेढ़ सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खांगालने के बाद शनिवार को मृतक पेंटर की मां की नामजद शिकायत पर राजेश रावत उर्फ काली के विरुद्ध हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश में जुटी है । वहीं बेटे को खो देने के बाद मृतक की मां जया देवी का रो रो कर बुरा हाल है। जया देवी का कहना था कि पति कि मौत बहुत पहले हो चुकी है। उसके दो ही बेटे सुखपाल और रोहित थे। बड़े बेटे सुखपाल को खो दिया और छोटा बेटा रोहित पंजाब में रहकर मजदूरी करता है, वह गांव में अकेली ही रहती है।

पैतृक गांव में अंतिम संस्कार
शनिवार सुबह 11 बजे मृतक सुखपाल का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। कृष्णा नगर कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि हत्यारोपी की तलाश में चार टीमें लगाई गई हैं। दो टीमें उन्नाव एवं हरदोई के लिए रवाना की गई है । एक टीम लेबर मंडियों पर नजर बनाए हुई है जबकि चौथी टीम सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है । अभी तक डेढ़ सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा चुका है । जल्द ही हत्यारोपी पुलिस गिरफ्त में होगा ।

रेकमेंडेड खबरें