Thrown Or Fell Businessman Dies From Social Media Influencers Flat Police Investigation Ongoing
फेंका गया या गिरा ! तहकीकात
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
बालू अड्डे के पास अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर रहने वाली सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे के फ्लैट से संदिग्ध हालत में गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने अपार्टमेंट के रहने वाले लोगों और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की है। इंस्पेक्टर के मुताबिक फुटेज से इस बात की पुष्टि तो हुई है कि शिवा श्रद्धा के फ्लैट से गिरा है। पर, उसे फेंका गया या फिर वह खुद गिरा इस बारे में छानबीन की जा रही है। वहीं मां व परिवारीजनों ने शिवा को प्रताड़ित कर हत्या कर फेंके जाने का आरोप लगाया है।इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह के मुताबिक छानबीन में सामने आया है कि शिवा 9 अक्टूबर की शाम 6:45 बजे अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर रहने वाली सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरा। इसके बाद श्रद्धा और उसके साथी शिवा को गोमतीनगर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां उसका घंटों इलाज चला। निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने हालत बिगड़ती देख शिवा को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल से उसे रात करीब 10:30 बजे केजीएमयू के लिए रेफर कर दिया गया थ।
मां रंजना के मुताबिक 9 अक्टूबर की रात करीब 7 बजे श्रद्धा और आदिल ने फोन कर बताया कि शिवा की तबीयत खराब है। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद देर रात आरोपितों ने जानकारी दी थी कि लोहिया संस्थान लेकर जा रहे हैं। परिवारीजन आनन-फानन में वहां पहुंचे तो पता चला कि केजीएमयू के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिवारीजन केजीएमयू की इमरजेंसी पहुंचे। वहां पर श्रद्धा का ड्राइवर सौरभ कश्यम मौजूद था। उसने दूर से शिवा को दिखाया। इससे पहले परिवारीजन कुछ समझ पाते ड्राइवर वहां से फरार हो गया। मां रंजना के मुताबिक केजीएमयू में डाक्टरों ने जांच के बाद शिवा को मृत घोषित कर दिया।