100 सिटी बसें अचानक कर दीं बंद, लोग परेशान

नवभारतटाइम्स.कॉम•
100 city buses suddenly closed thousands of passengers in gurgaon faridabad troubled questions on maintenance
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

सेक्टर-52 डिपो से चलने वाली 100 गुरुगमन सिटी बसें बंद पड़ी हैं, लेकिन इनके दोबारा संचालन को लेकर गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) की ओर से कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं दी गई है। इससे गुड़गांव और फरीदाबाद के बीच रोज सफर करने वाले हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। बसों के मेंटिनेंस का हवाला देकर सेवा बंद होने की बात कही जा रही है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर सभी 100 बसों को एक साथ सड़क से हटाने की नौबत क्यों आई? क्या एक ही समय में इतनी बड़ी संख्या में बसें खराब हो सकती हैं? यदि बसों की हालत इतनी खराब है तो यह उनके रखरखाव और संचालन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
डिपो से 50 बसें गुड़गांव और 50 फरीदाबाद के रूटों पर चलती हैं। इनके बंद होने से दोनों शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन का एक अहम विकल्प प्रभावित हुआ है। दमदमा, रिठोज और सहजावास समेत कई गांवों के यात्रियों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। रोजाना काम पर जाने वाले लोगों को दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। बसों के करीब छह हजार स्मार्ट कार्ड धारक भी सेवा बंद होने से प्रभावित हैं। सेक्टर-52 एरिया से गुड़गांव के अन्य हिस्सों में रोजाना सफर करने वाले सहित अन्य यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।