प्रधानमंत्री ने कहा, दुनिया की बड़ी इकॉनमी में भारत की ग्रोथ सबसे तेज़

नवभारतटाइम्स.कॉम•
pm modi indias economic growth fastest in the world emphasis on power to empower
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

PM नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि पावर किसके पास है, यह अहम बात नहीं है, बड़ा सवाल यह है कि पावर का इस्तेमाल कैसे हो रहा है। यहां ब्लूमबर्ग न्यू इकॉनमी फोरम 2026 में प्रधानमंत्री ने 'पावर टु एम्पावर' पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि आज की दुनिया में सप्लाई चेन का इस्तेमाल हथियार की तरह होने लगा है, लेकिन इस वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत भरोसेमंद बना हुआ है। उन्होंने कहा कि आर्थिक वृद्धि मजबूत बुनियाद, वित्तीय मजबूती और लगातार हो रहे सुधारों पर आधारित है और भारत दुनिया के साथ और दुनिया के लिए विकास करता है।
मोदी ने भारत की प्रगति को पावर टु एंपावर यानी दूसरों को सशक्त बनाने के लिए शक्ति के सिद्धांत से जोड़ते हुए कहा, 'आज प्रौद्योगिकी ताकत है। डेटा ताकत है। ज्ञान ताकत है। इनोवेशन ताकत है। हालांकि असली सवाल यह नहीं है कि पावर किसके पास है, सवाल यह है कि इसका इस्तेमाल कैसे किया जा रहा है।’

पीएम ने अप्रैल-जून तिमाही में देश की 7.8% GDP ग्रोथ, 700 बिलियन डॉलर से अधिक के विदेशी मुद्रा भंडार और श्रम कानूनों से जुड़े सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे भारत की मजबूती का पता चलता है। उन्होंने कहा कि 'अनिश्चितताओं से भरी इस दुनिया में भारत भरोसे और स्थिरता का एहसास कराता है।' उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था की तुलना में सबसे तेज रही और इसकी वजह मजबूत बुनियाद है।

प्रधानमंत्री ने भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, किफायती मोबाइल डेटा, डिजिटल भुगतान और सरकारी लाभों के सीधे हस्तांतरण का उल्लेख करते हुए कहा कि टेक्नॉलजी से आर्थिक अवसरों तक लोगों की पहुंच बढ़ रही है। मोदी ने कहा कि सड़क किनारे सामान बेचने वाले छोटे विक्रेताओं से लेकर बड़े कारोबारों तक, सभी के लिए एक ही डिजिटल भुगतान व्यवस्था उपलब्ध है। घरेलू नीतियों पर मोदी ने कहा कि सुधार भारत की विकास रणनीति के केंद्र में बने हुए हैं।